समाजवादी पार्टी ने सांसद बजभूषण तिवारी को पार्टी का नया उपाध्यक्ष और मोहन सिंह को राष्ट्रीय महासचिव, केंद्रीय संसदीय बोर्ड का सदस्य तथा प्रवक्ता नियुक्त किया है। सपा के राष्ट्रीय महासचिव प्रोफेसर रामगोपाल यादव ने बुधवार को नई दिल्ली में संवाददाताओं से कहा कि जनेश्वर मिश्र के निधन और पार्टी के कुछ नेताओं के अपने पदों से इस्तीफे के चलते रिक्त हुए पदों के लिये ये नियुक्तियां हुई हैं। उन्होंने कहा कि इन नेताओं के अलावा पूर्व सांसद विशंभर प्रसाद निषाद और उत्तर प्रदेश के पूर्व मंत्री राम आसरे कुशवाहा को नया राष्ट्रीय महासचिव बनाया गया है। वहीं, केरल के जो एंटनी को केंद्रीय संसदीय बोर्ड का सदस्य मनोनीत किया गया है।
रामगोपाल यादव ने कहा कि पार्टी के खाली पदों को भरने और उसे मजबूत बनाने के लिए ये नियुक्तियां आवश्यक हो गई थीं। एक प्रश्न के उत्तर में यादव ने पार्टी के पूर्व महासचिव अमर सिंह के जन्मदिन पर बुधवार को उन्हें बधाई दी और उनके स्वस्थ रहने की कामना की। लेकिन उन्होंने सिंह के संबंध में आगे कुछ भी कहने से साफ इंकार कर दिया।